प्रेस विज्ञप्ति राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हमीरपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प
हमीरपुर, 29 अगस्त 2025: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हमीरपुर में आज राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) की दोनों इकाइयों तथा क्रीड़ा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राभारी प्राचार्य डॉ. अमित गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि, “खेल केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं, बल्कि अनुशासन, सहयोग और दृढ़ संकल्प का भी प्रतीक है। महाविद्यालय का यह दायित्व है कि हम अपने छात्र-छात्राओं में न केवल शैक्षणिक बल्कि खेलकूद संबंधी प्रतिभा का भी विकास करें।” उन्होंने मेजर ध्यानचंद के जीवन से मिलने वाली सीख पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को पाठ्येतर गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
एन.एस.एस. इकाई-प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जीवन संघर्ष, उनकी लगन और राष्ट्रीय गौरव के लिए दिए गए योगदान पर एक विस्तृत और प्रेरक प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा, “ध्यानचंद साहब का जीवन इस बात का उदाहरण है कि अगर इच्छाशक्ति और समर्पण हो तो कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। आज की युवा पीढ़ी को उनसे यही सीख लेनी चाहिए।”
इस अवसर पर मेजर ध्यानचंद के जीवन एवं उनकी अद्भुत खेल यात्रा पर आधारित एक प्रेरणादायी डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई, जिसने सभी उपस्थित जनों का मन मोह लिया। डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन के पश्चात, एन.एस.एस. इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीष कुमार एवं इकाई द्वितीय की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिल्पी राय के नेतृत्व में सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने खेल के प्रति समर्पण, निष्ठा और एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ ग्रहण की।
इस कार्यक्रम में महाविदयाली के प्राध्यापक डॉ. घनश्याम दास, डॉ. आनंद द्विवेदी, डॉ ज्ञानेंद्र, डॉ. जय सिंह सहित समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण के उपरांत, विद्यार्थियों और अध्यापकों ने एक साथ मिलकर कई मनोरंजक खेलों में भाग लिया। इन खेल गतिविधियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का संचार किया। सामूहिक रूप से खेले गए इन मनोरंजक खेलों के साथ ही यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




